बुध, 09 सितम्बर 2026 | 05:15 पूर्वाह्न
Advertisement
17.08.2026 · News Desk

लखनऊ में नगर निगम की टीम पर हमला, चौकी इंचार्ज का सर फूटा

राजधानी लखनऊ में पारा थाना क्षेत्र के बुद्धेश्‍वर चौकी प्रभारी विनय पटेल पर जानलेवा हमला हुआ है. जानलेवा हमला करने वालों में दबंग लल्‍लन यादव, पिंटू यादव और उनके दर्जनों साथी शामिल हैं. जानकारी के अनुसार पारा क्षेत्र में अवैध डेयरी चलाये जाने की सूचना पर नगर निगम की टीम अवैध डेयरी संचालकों पर कार्रवाई करने के लिये पहुंची हुई थी. टीम 18 भैंसों को पकड़ कर वाहन में चढ़ाने लगी.

तभी पशुपालकों ने नगर निगम की टीम और उनके वाहनों पर पथराव कर दिया. सहयोग के लिये मौके पर मौजूद बुद्धेश्‍वर चौकी इंचार्ज विनय पटेल ने दबंग पशुपालकों को रोकने का प्रयास किया तो उन पर भी हमला हो गया. मामला पारा क्षेत्र के आदर्श विहार और जनता विहार कॉलोनी का है. नगर निगम तथा पुलिस की टीम पर पथराव करने के साथ ही लाठी एवं डंडों से भी हमला किया गया. कर्मियों को पकड़ पकड़ कर पीटा गया.

एक दबंग विनय पटेल को धक्‍का देकर गिरा दिया तथा उनका गला अपने हाथों में कस कर जकड़ लिया. हमले में चौकी इंचार्ज पटेल समेत नगर निगम के तीन कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं. चार वाहन भी क्षतिग्रस्‍त हुए हैं. नगर निगम कर्मी अवधेश कुमार एवं चौकी इंचार्ज विनय पटेल द्वारा इलाके के दबंग लल्‍लन यादव, उसके साथी पिंटू यादव समेत दर्जनों अज्ञात लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है.

Share this article