बुध, 09 सितम्बर 2026 | 06:57 पूर्वाह्न
Advertisement
03.08.2026 · Anil Singh

विधायक आलमबदी, सहित 21 पूर्व विधायकों के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त कर विधान सभा मंगलवार तक के लिए स्थगित

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को सदन में वर्तमान विधानसभा के सीनियर सदस्य आलम बदी सहित 21 पूर्व सदस्यों के निधन पर शोक संवेदनाएं व्यक्त की गईं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सदन में शोक प्रस्ताव रखा। नेता सदन के साथ ही नेता प्रतिपक्ष समेत सभी दलीय नेताओं ने दिवंगत सदस्यों के प्रति अपनी-अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की। इसके उपरांत विधानसभा अध्यक्ष ने शोक संवेदना व्यक्त करने के साथ ही सदन की कार्यवाही मंगलवार की सुबह 11:00 तक स्थगित कर दी।आजमगढ़ के पांच टर्म सपा विधायक रहे बुजुर्ग आलम बदी का 23 जुलाई 2026 को निधन हो गया। 16 मार्च 1936 में उनका जन्म हुआ था। पांचवीं बार चुनकर वह विधानसभा पहुंचे थे, 1996 में पहली बार मध्यावती विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक बने।

नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से व्यक्त संवेदनाओं से खुद को सम्बद्ध करता हूं। आलम बदी में इस उम्र में भी युवाओं की तरह उमंग था। बीमारी के कारण उनका इलाज चल रहा था लेकिन वह आगे का विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते थे। उन्होंने इंजीनियरिंग की शिक्षा हासिल की थी। वह अपने विचारों को लेकर कट्टर थे। कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा मोना ने आलम बदी ने उनकी पहचान उनका पद नहीं था बल्कि उनकी सादगी थी। समाज में आपसी सद्भाव बनाए रखने के लिए कौमी एकता संगठन की स्थापना की।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, नेता विपक्ष माता प्रसाद पांडे सहित सदन में मौजूद सदस्यों ने 21 पूर्व विधायकों के निधन पर सम्मिलित शोक संवेदना व्यक्त की । दिवगंत पूर्व विधायकों में बलिया के भोला पांडे, आगरा से अमिताभ लवानिया, जगन्नाथ चौधरी, महाराजगंज से राम प्यारे आजाद, अम्बेडकरनगर से गोपीनाथ वर्मा, बिजनौर से यशपाल सिंह, प्रयागराज से राधेश्याम भारती, बाराबंकी से संग्राम सिंह, बलिया से हरिनारायण राजभर, डॉ. भगवद दयाल, जौनपुर से अरुण कुमार मुन्ना, बिजनौर से ओमवती देवी, सहारनपुर से मोहन सिंह, संत कबीरनगर अफसर यू अहमद, अमेठी से तेजभान सिंह, देवरिया से रुद्र प्रताप सिंह, कानपुर देहात से प्यारेलाल शंखवार, बदायूं सेओंकार सिंह, प्रयागराज से राजेंद्र त्रिपाठी एवं बलरामपुर से हनुमंत सिंह का हाल के दिनों में निधन हुआ था। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं अपनी पार्टी और सरकार की तरफ से शोक संवेदना व्यक्त करता हूं। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने वर्तमान और पूर्व सदस्यों के निधन पर शक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए सदन को आश्वस्त किया कि सदन की ओर से व्यक्त शोक संवेदनाएं उनके परिजनों तक पहुंचाई जाएंगी। इसके साथ ही विधानसभा की कार्यवाही मंगलवार की सुबह 11 तक स्थगित कर दी गई।

Share this article